मातृ दिवस पर ज़ेड आई पब्लिक स्कूल बघरा में कार्यक्रम का आयोजन
मुजफ्फरनगर,11 मई (तनवीर ए अदब न्यूज़)
मदर्स डे के अवसर पर जेड आई पब्लिक स्कूल में एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में माताओं और नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे यादगार बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान मां और बच्चों के बीच प्रेम, स्नेह एवं आत्मीयता की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मख्य अतिथि सामिया जीनत राणा, अध्यक्ष राणा पब्लिक स्कूल मुजफ्फरनगर एवं पूर्व विधायक नूर सलीम राणा की धर्मपत्नी, द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया और बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि सामिया जीनत राणा ने अपने संबोधन में कहा कि मां का स्थान दुनिया में सबसे ऊंचा होता है। उन्होंने बच्चों से अपनी माताओं का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि “मां के पैरों तले जन्नत होती है।” उनके प्रेरणादायी शब्दों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से कुंवर आरिफ, डायरेक्टर राणा पब्लिक स्कूल, ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य शहजाद सैफी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों और अभिभावकों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।



