अब यूथ करेगा कांग्रेस को मजबूत, 2027 में वोटर्स देंगे जवाब : शाह फैसल कुरैशी
–युवा कांग्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त शहर अध्यक्ष का भव्य स्वागत, बी जे पी सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेसी
मुजफ्फरनगर,11 मई (तनवीर ए अदब न्यूज़)
उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिमी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जनपद मुजफ्फरनगर में युवा कांग्रेस की शहर इकाई की कमान अब शाह फैसल कुरैशी को सौंप दी गई है। उनके शहर अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रविवार को मेरठ रोड स्थित होटल मधुबन में मीडिया सेंटर के पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान शाह फैसल कुरैशी का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सहारनपुर कॉर्डिनेटर अब्दुल्ला आरिफ एडवोकेट व पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर तीखे हमले बोलते हुए भाजपा की नीतियों को जनविरोधी बताया। उन्होंने भाजपा सरकार को तानाशाही सरकार बताते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और उत्पीड़न से परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर राजनीति कर रही है, लेकिन अब जनता उनकी फूट डालो और राज करो की नीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को इसका करारा जवाब देगी और सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। नवनियुक्त शहर अध्यक्ष शाह फैसल कुरैशी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और जनहित की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहर स्तर पर व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। युवाओं, व्यापारियों, मजदूरों और आम लोगों को कांग्रेस से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज रही है और आने वाले समय में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित में किए गए कार्यों की जानकारी देंगे। इस दौरान सहारनपुर कॉर्डिनेटर अब्दुल्ला आरिफ एडवोकेट ने भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने ने कहा कि आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी से त्रस्त है, किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और व्यापारियों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाह फैसल कुरैशी को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

