योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और खुशहाली की नई ऊंचाइयों पर: डॉ. अम्मार रिज़वी

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को “सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार” मिलना गौरव की बात

लखनऊ (प्रेस रिलीज़/अबूशहमा अंसारी)उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक नौ वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में योगी आदित्यनाथ एक मजबूत, गरिमामय और दूरदर्शी नेता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने में सफल हुए हैं।
डॉ. अम्मार रिज़वी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री ने लगातार नौ वर्षों तक प्रदेश का नेतृत्व करते हुए विकास, कानून-व्यवस्था, गरीबों के कल्याण तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद योगी आदित्यनाथ ने जनसेवा को हमेशा अपनी प्राथमिकता बनाए रखा।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कोरोना महामारी के दौरान प्रभावी प्रबंधन, मजबूत कानून-व्यवस्था, गुंडागर्दी एवं भू-माफियाओं पर कार्रवाई तथा भव्य महाकुंभ के सफल आयोजन ने सरकार की कार्यशैली को नई पहचान दी है।
डॉ. रिज़वी ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में भी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। जीरो टॉलरेंस और जीरो करप्शन की नीति के कारण विदेशी निवेश में वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल, फोरलेन सड़कों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना में मुख्यमंत्री की नेतृत्व क्षमता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
इस अवसर पर डॉ. अम्मार रिज़वी ने उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उत्तर प्रदेश विधानसभा द्वारा “सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार” से सम्मानित किए जाने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्राप्त करने वाले वह पहले विधायक हैं, जो उनकी लंबी जनसेवा, संसदीय परंपराओं के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट राजनीतिक योगदान का प्रमाण है।
डॉ. अम्मार रिज़वी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन, मजबूत आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में देश के प्रमुख राज्यों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश भविष्य में भी इसी गति से विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
यह जानकारी ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के प्रचार-प्रसार विभाग के सचिव अबूशहमा अंसारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *